आग उगलती गरमी में खटते–मरते मजदूर
इस साल मई–जून के महीने में आग उगलती गरमी ने सबको हलकान–परेशान किया। ऐसी हालत में जब मध्यम वर्ग के लोग एसी–कूलर की ढंडी हवा में राहत के मजे ले रहे थे, मजदूर जलती लू में सड़कों, फैक्टरियों और खेतों में दो जून की रोटी के लिए अपना शरीर जला रहे थे। उत्तर भारत की भीषण गर्मी और लू के चलते हजारों लोग भयानक रूप से बीमार पड़े। अस्पताल मरीजों से भर गये। सैकड़ों लोगों ने अपनी जान गवाँ दी। उत्तर प्रदेश में केवल 18 जून को 170 लोगों की मौत गर्मी के चलते हो गयी। दिल्ली की सड़कें बेघर लोगों की लाशों से पट गयीं। 11 से 19 जून के बीच दिल्ली में भयानक गर्मी के चलते 192 लोगों की मौत हुई। ये बेघर लोग कौन थे जिनका कोई रहनुमा नहीं था? दरअसल मौजूदा विकास की अंधी दौड़ ने इन लोगों को उजाड़कर राजधानी में ला पटका है। वे दिन में दिहाड़ी मिल जाये तो कर लेते हैं या कपड़े–लत्ते बेचकर काम चला लेते हैं और रात में खुले आसमान के नीचे सो जाते हैं। जलती हुई लू ने इनमें से कई लोगों की जान ले ली।
इतना ही नहीं, जलाती हुई गर्मी ने खेत–खलिहान और फैक्टरियों को भी नहीं बख्शा। बीते 8 जून को दिल्ली के नरेला इलाके में मूँग दाल बनाने वाली एक फैक्ट्री में आग लगने से तीन मजदूरों की मौत हो गयी, जबकि 6 मजदूर गम्भीर रूप से घायल हैं। इससे पहले भी आग लगने की कई घटनाएँ नरेला की अन्य फैक्ट्रियों में हो चुकी है जिनमें दर्जनों मजदूर अपनी जान गवाँ चुके हैं। जून में ही दिल्ली के निठौली गाँव की फैक्ट्री, नरेला स्थित फैक्टरियों, लुधियाना की प्लास्टिक फैक्ट्री, गाजियाबाद की ट्रोनिका सिटी इण्डस्ट्रियल एरिया की फैक्टरियों, सोनीपत की रबर फैक्ट्री––– सूची अन्तहीन है, इन फैक्टरियों में आग लगी। पूरी गर्मी भर देश के कोने–कोने की फैक्टरियों में आग लगती रही और वे धूँ–धूँ कर जलती रहीं। सैकड़ों लोग आग में जलकर काल के गाल में समाते गये।
प्रशासन ने कार्रवाई के नाम पर आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियाँ दौड़ायीं। पहले से तैयारी के नाम पर सरकार और प्रशासन शून्य नजर आया। फैक्ट्री मालिक जो दिन–रात मजदूरों से काम लेते हैं वे अपनी फैक्टरियों में सुरक्षा का कोई इन्तजाम नहीं रखते। अगर रखते तो शायद इन दुर्घटनाओं को रोका जा सकता था। इस देश में मजदूरों की जान की कीमत कुछ नहीं है। अफसोस की बात है कि इस बारे में न सरकार को कोई चिन्ता है और न ही फैक्ट्री मालिकों को। टीवी और अखबार में भी ऐसी घटनाओं पर ज्यादा चर्चा नहीं होती। आज देश में किसी नेता–मंत्री को मजदूरों के हित के बारे में सोचने की फुर्सत नहीं है। इस साल के लोकसभा चुनाव में भी किसी पार्टी ने मजदूरों के मुद्दों को नहीं उठाया।
दूसरी जगहों के मजदूरों को अपने भाइयों की इन दुर्दशाओं की खबर तक नहीं क्योंकि खबर देने वाला मीडिया नदारद है। वहीं ज्यादातर मजदूर अन्धविश्वासी हैं जो अपने ऊपर आयी विपदा को भाग्य का लेखा या पिछले जन्म का कर्म मानकर शान्त हो जाते हैं। उनका गुस्सा पुलिस–प्रशासन की नाकामी, सरकार की गलत नीतियों और मालिकों के बेलगाम शोषण–उत्पीड़न पर फूटना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो पाता। कहीं–कहीं मजदूरों में उबाल आता है, लेकिन व्यापक एकता के अभाव में उनकी लड़ाई दूर तक नहीं जा पाती। उनके अन्दर कई तरह के बँटवारे हैं। हिन्दू–मुसलिम साम्प्रदायिकता और जाति–भेद की दीवारें हैं जो उन्हें एक नहीं होने देतीं।
आज मजदूरों के बीच एकता का अभाव और उनके संगठन का न होना सबसे बड़ी समस्या बना हुआ है। अगर मजदूरों का संगठन हो और मजदूर अपने हक के लिए संघर्ष करने को जागरूक हों तो मालिकों की हिम्मत नहीं है कि उनका शोषण–उत्पीड़न कर सकें और नेता–मंत्री उनकी अनदेखी कर सकें।
’ ’ ’
मजदूर एकता पुस्तिका का सातवाँ अंक प्रस्तुत करते हुए हमें बहुत खुशी हो रही है। इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती जा रही है। इसकी बढ़ती माँग से साफ है कि मजदूरों को जगाने का काम करने वाले कार्यकर्ता साथी दिन–रात कठिन मेहनत कर रहे हैं। वे इस पुस्तिका को मजदूरों के बीच ले जाते हैं। उनके बीच उसे पढ़ते हैं और उस पर बहस चलाते हैं। यही एकमात्र सफल तरीका है मजदूरों को जागरूक करने का।
इन्हीं पत्थरों पे चल कर अगर आ सको तो आओ
मिरे घर के रास्ते में कोई कहकशाँ नहीं है ––मुस्तफा ज़ैदी