मजदूर संगठन की कार्यशैली
07 Jun 2025
• फासीवादी हमलों के खिलाफ संघर्ष के लिए आगे आओ!
1– हम आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक संघर्षों में पूरी निष्ठा के साथ भाग लेते हैं। हम उत्पीड़न, शोषण और हर प्रकार के गलत कार्यों के खिलाफ स्वत-स्फूर्त संघर्षों में पूरे जुझारूपन के साथ भाग लेते हैं। हम मजदूरों की इच्छाओं के खिलाफ जाकर उनके संघर्षों को अवरुद्ध नहीं करते।
2– हम ट्रेड यूनियन मामलों में नौकरशाही तौर–तरीकों के जरिये मजदूर–कार्यकर्ताओं के उत्साह को कुन्द नहीं करते। हम मजदूरों के विचारों का दमन करने की नीति की न सिर्फ भर्त्सना करते हैं, बल्कि उसके खिलाफ संघर्ष भी करते हैं।
3– हम संघर्ष में विजय के बाद ही दम लेते हैं। हम समझौते की कायर नीति का पूरे जोर–शोर से विरोध करते हैं।
4– हम मोल–तोल के नाम पर, प्रबन्धन का पिछलग्गू बन जाने की नीति से घृणा करते हैं।
5– हम मानते हैं कि ट्रेड यूनियन का काम सिर्फ आर्थिक लड़ाइयाँ लड़ना ही नहीं है। इसीलिए हम अर्थवाद के दलदल में नहीं फँसते, बल्कि सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और दूसरे तमाम रचनात्मक मुद्दों पर बहादुरी के साथ संघर्ष चलाते हैं।
6– सर्वहारा अन्तरराष्ट्रवाद के नाम पर साम्राज्यवादियों का एजेंट बन जाने की नीति से हम नफरत करते हैं। हम अपने देश में बुनियादी सामाजिक, आर्थिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक बदलाव लाने के लिए दृढ़–प्रतिज्ञ हैं।
7– अपने देश की विकास प्रक्रिया की विशेषताओं पर ध्यान केन्द्रित करते हुए हम पिछड़ी राष्ट्रीयताओं की मुक्ति और जनता की जनवादी, लोकतांत्रिक राज्य व्यवस्था के तहत शोषणमुक्त समाज की स्थापना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करते हैं।
8– उत्पादन के क्षेत्र में हम मालिकों की नीतियों का आँख मूँद कर समर्थन नहीं करते, बल्कि जरूरत के मुताबिक वैकल्पिक उत्पादन व्यवस्था के प्रसार और उसकी स्थापना के लिए पूरी ताकत के साथ संघर्ष करते हैं।
9– हम महिलाओं और पुरुषों के बीच भेदभाव नहीं करते, बल्कि संघर्ष और उत्पादन प्रक्रिया के जरिये महिलाओं को नेतृत्वकारी स्थानों पर लाने का प्रयास करते हैं।
10– हम मजदूर वर्ग के भीतर मौजूद सभी बुराइयों के खिलाफ दोस्ताना संघर्ष चलाते हैं। हम शिक्षा और बहस के जरिये इन बुराइयों को दूर करने की कोशिश करते हैं।
11– हमारा देश खेती पर आधारित है। इसलिए हम किसानों की समस्याओं को बहुत तरजीह देते हैं। हम किसानों को मजदूर वर्ग का नजदीकी दोस्त मानते हैं।
12– हम उन कार्यकर्त्ताओं की इज्जत करते हैं जो ईमानदार, बहादुर और सृजनशील हैं। हम दिलोदिमाग से अपने मकसदों की प्राप्ति के प्रति समर्पित हैं। हम कुर्बानियों से घबराते नहीं। शोषकों पर अन्तिम विजय तक हम समुद्र की लहरों की तरह एक के बाद एक संघर्षों का तूफान उठाते रहेंगे।
–– शंकर गुहा नियोगी